भोपाल : - राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर अचानक आग ने ऐसा विकराल रूप लिया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की कई दुकानों तक पहुंच गई। करीब 25 फीट ऊंची उठती आग की लपटें और दूर तक दिखाई देता काले धुएं का गुबार देखकर बाजार में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भटूरे तैयार करने के दौरान आग लगी थी, जिसने कुछ ही देर में कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और कई दुकानें जलकर राख हो गईं।


आग फैलती देख दुकानदारों और ग्राहकों को तुरंत बाहर निकाला गया, जबकि आसपास की दुकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और आसपास की बाकी दुकानों को सुरक्षित रखने में जुटे हुए हैं। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन राहत कार्य पूरा होने के बाद ही सामने आएगा।