भिलाई : - भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार को एक केमिकल फैक्ट्री अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी ने ऐसा रूप लिया कि देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर धू-धू कर जल उठे। आग के बीच ड्रमों में हो रहे लगातार धमाकों से आसपास का इलाका दहल गया, जबकि कई किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार नजर आया।


आग पर काबू पाना भी आसान नहीं रहा, क्योंकि केमिकल की वजह से पानी से आग बुझाना मुश्किल हो रहा है। मौके पर दमकल विभाग के साथ CISF की टीम भी मोर्चा संभाले हुए है और फोम की मदद से आग को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। धमाकों के खतरे के बीच जेसीबी से सुरक्षित ड्रमों को बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, फैक्ट्री के भीतर कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।