वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार सुबह एक भीषण विस्फोट ने दहशत फैला दी। डोंग दा इलाके में स्थित एक हॉटपॉट रेस्तरां में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। धमाका इतना शक्तिशाली था कि रेस्तरां की इमारत का एक हिस्सा ढह गया और आसपास की इमारतों की खिड़कियां व दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। शुरुआती जांच में कुकिंग गैस के रिसाव को विस्फोट की संभावित वजह माना जा रहा है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे गुयेन वान तुयेत स्ट्रीट पर स्थित रेस्तरां में यह हादसा हुआ। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के भवनों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की।
राहत एवं बचाव कार्य में खोजी कुत्तों, विशेष उपकरणों और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद ली जा रही है। फिलहाल पुलिस विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। गैस रिसाव के अलावा अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)