नवरात्रि के पावन अवसर पर रायपुर में श्रद्धालुओं को नौ देवियों के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से 11 से 20 अक्टूबर तक दो स्थानों पर विशेष झांकी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बलौदाबाजार रोड स्थित शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर और नवा रायपुर के सेक्टर-20 में देवी दरबार सजाया जाएगा। दर्शन के लिए प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। झांकी में मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, काली और गायत्री देवी सहित विभिन्न देवी स्वरूपों की महिमा को आकर्षक रोशनी, ध्वनि और संगीतमय प्रस्तुति के जरिए दर्शाया जाएगा। 


इस आयोजन की खास बात यह होगी कि ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनें देवी स्वरूप में ध्यानमग्न और स्थिर मुद्रा में विराजित रहेंगी। राजयोग साधना पर आधारित यह प्रस्तुति श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है। वहीं, लोगों को ध्यान और राजयोग से जोड़ने के लिए 21 अक्टूबर से सात दिवसीय नि:शुल्क राजयोग अनुभूति शिविर भी शुरू होगा। शिविर का आयोजन शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर और चौबे कॉलोनी स्थित सेवा केंद्र में किया जाएगा। इच्छुक लोग सुबह 7 से 8 बजे या शाम 7 से 8 बजे तक के सत्र में शामिल हो सकेंगे।