रायपुर के नजदीक आरंग के बिरबिरा गांव में अंधविश्वास के शक ने दो बुजुर्गों की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय पड़ोसी रॉकी साहू को संदेह था कि सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) ने जादू-टोना कर उसकी मां की मौत कराई है। इसी बात को लेकर उसने 6 अक्टूबर की रात कथित तौर पर दंपती के घर में घुसकर कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर दिया। दोनों की हत्या के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने सोने-चांदी के जेवर और घर में रखे अन्य आभूषण लेकर फरार हो गया। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में मिले।

जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल हथियारों को साफ कर एक बोरी में रखा और तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। मृतक दंपती खेती-किसानी करते थे और उनके पास करीब 10 एकड़ जमीन थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।