इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट कई वजहों से चर्चा में रहा। एक तरफ कार्यक्रम से पहले बम धमाके की धमकियां मिलीं, तो दूसरी ओर उनके कुछ गानों को लेकर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी। इन तमाम विवादों के बीच दिलजीत ने मंच संभाला और मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़कर दर्शकों का ध्यान खींच लिया। उन्होंने कहा, ''सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।'' उनका यह अंदाज अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, कॉन्सर्ट से पहले अलग-अलग संस्थानों को करीब 9 धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे, जिनमें RDX विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर बम निरोधक दस्ते की तैनाती और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई। प्रशासन ने 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' गानों पर आपत्ति जताई थी, लेकिन दिलजीत ने इनमें से तीन गाने मंच पर गाए। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से भी महफिल सजाई और रात करीब 10 बजे कार्यक्रम का समापन किया।

टिकट बिक्री से लेकर अहमदाबाद शो तक चर्चा में दिलजीत

इंदौर कॉन्सर्ट की कमाई को लेकर भी बड़े दावे सामने आए हैं। BookMyShow के मुताबिक, कार्यक्रम के टिकटों की बिक्री 7 करोड़ रुपये से अधिक रही। टिकट की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये थी, जबकि GOAT टेबल 8 लाख और Born To Shine टेबल 5 लाख रुपये में उपलब्ध थी। आयोजन से नगर निगम को 60 लाख रुपये से अधिक टैक्स मिलने की बात भी सामने आई है। कॉन्सर्ट रद्द होने की चर्चाओं के बीच दिलजीत ने पहले ही लाइव आकर इंदौर आने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा था कि इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाएंगे और फिर पूरी एनर्जी के साथ चक देंगे चट्ट दे फट्टे। अब उनका अगला कार्यक्रम 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है, लेकिन वहां भी कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। जिला बाल संरक्षण इकाई ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर बच्चों की एंट्री और गानों की सामग्री को लेकर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।