रायपुर : चेहरे को गोरा और खूबसूरत बनाने का दावा करने वाली पाकिस्तान में बनी ‘गोरी क्रीम’ अब लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनती नजर आ रही है। केंद्र सरकार के आयात प्रतिबंध और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की चेतावनी के बावजूद यह क्रीम रायपुर के बाजारों में खुलेआम बिक रही है। हैरानी की बात यह है कि दुकानदार न सिर्फ इसे बेच रहे हैं, बल्कि चेहरे का रंग निखारने के दावे करते हुए इसके इस्तेमाल का तरीका भी बता रहे हैं। बाजार में इसकी बिक्री को लेकर सामने आई पड़ताल ने प्रशासनिक निगरानी और प्रतिबंधों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं ?

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के गोलबाजार और आसपास के कॉस्मेटिक बाजारों में दुकानदार 300 से 400 रुपये तक में यह क्रीम बेचने की कवायत में है। वहीं, कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसकी कीमत 600 से 700 रुपये तक है । केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात होने वाले सामानों के आयात पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखी क्रीम का बाजार में मिलना गंभीर सवाल खड़े करता है? केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने 8 सितंबर 2026 को अलर्ट जारी कर गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को भारत में बिक्री के लिए अनधिकृत घोषित किया था। इसके अलावा न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था मेडसेफ ने दिसंबर 2021 में गोरी क्रीम के कुछ संस्करणों में पारा और सीसा पाए जाने के बाद चेतावनी जारी की थी।

नागपुर में 18 महिलाओं की किडनी पर असर-

इस क्रीम को लेकर सबसे चिंताजनक मामला महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आया था। यहां किडनी की समस्या से जूझ रही करीब 18 महिलाओं के नियमित रूप से गोरी क्रीम इस्तेमाल करने की बात सामने आई। वर्ष 2023-24 से ऐसे मरीजों के मामले सामने आने के बाद क्रीम के नमूनों की जांच कराई गई। महाराष्ट्र FDA की जांच में इसमें पारे (मरकरी) की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक पाई गई थी।डीकेएस के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष के मुताबिक, क्रीम में मौजूद मरकरी किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इसका असर शरीर के नर्वस सिस्टम पर भी पड़ता है, जिससे न्यूरोलॉजिकल समस्याएं और गंभीर मामलों में पैरालिसिस तक का खतरा हो सकता है।

प्रतिबंधित क्रीम की बिक्री को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक ने कहा कि केंद्र सरकार का आदेश आने के बाद प्रदेश स्तर पर भी प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी किया गया था और उस समय कार्रवाई भी की गई थी। यदि अब भी इस क्रीम की बिक्री हो रही है तो छापेमार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि जब इस क्रीम के आयात और बिक्री को लेकर प्रतिबंध तथा स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां जारी हो चुकी हैं, तो यह राजधानी के बाजारों तक कैसे पहुंच रही है? आखिर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले इस कारोबार पर लगाम कब लगेगी?