मुंबई : - टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के वीकेंड एपिसोड में इस बार सलमान खान का गुस्सा कंटेस्टेंट्स पर जमकर बरसा। होस्ट सलमान ने स्काउट ओपी और लव गिल को उनके व्यवहार के लिए जमकर फटकार लगाई, तो वहीं कनिका मान के साथ भी उनकी तीखी बहस देखने को मिली।

स्काउट को यंग डीएसए के साथ हाथापाई और घर में अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर खरी-खोटी सुनाई गई। वहीं, कनिका को सबके सामने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए सलमान ने कहा कि उनके सामने आवाज ऊंची करने की कोशिश न करें। शो के इस एपिसोड में दोस्ती, बदले व्यवहार और कंटेस्टेंट्स के रवैये को लेकर जमकर टकराव हुआ।

सलमान ने स्काउट को शो का सबसे खराब दोस्त तक बता दिया। उन्होंने यंग डीएसए के साथ टास्क के दौरान हुए विवाद और गौरव गुप्ता के रोस्ट पर लव और स्काउट की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। दूसरी ओर, कनिका मान को दोस्तों के पक्ष में पक्षपात करने और काजी तौकीर व आम्रपाली दुबे के साथ बहस करने पर घेरा। सलमान ने साफ कहा कि घर में जो कुछ भी हो रहा है, दर्शक उसे देख रहे हैं और किसी की असलियत छिपी नहीं है। आने वाले एपिसोड के प्रोमो में भी सलमान और कनिका के बीच बहस जारी रहने के संकेत मिले हैं। अब देखना होगा कि सलमान की फटकार के बाद घर के समीकरण बदलते हैं या कंटेस्टेंट्स के बीच टकराव और बढ़ता है।