रायपुर : छत्तीसगढ़ में दीपावली के त्योहार के दौरान शराब की जमकर बिक्री हुई है। आबकारी विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती पांच दिनों में प्रदेश में 54 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की शराब बिक चुकी है। पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इस बार शराब की बिक्री में 7.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रकम के हिसाब से यह इजाफा करीब 3 करोड़ 95 लाख रुपये का है।
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 5 नवंबर से 9 नवंबर 2026 के बीच प्रदेश में कुल 54 करोड़ 60 लाख 76 हजार 510 रुपये की शराब बेची गई। वहीं, पिछले साल इसी अवधि में शराब की बिक्री 50 करोड़ 65 लाख 46 हजार 390 रुपये रही थी। इस तरह इस बार त्योहार के दौरान शराब कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है।आंकड़ों पर नजर डालें तो 5 नवंबर को शराब की बिक्री 8.98 करोड़ रुपये रही। यह पिछले साल के मुकाबले 2.3 प्रतिशत कम थी। हालांकि, इसके बाद बिक्री में लगातार तेजी आई।
- 6 नवंबर को बिक्री में 8.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
- 7 नवंबर को 9.1 प्रतिशत की वृद्धि।
- 8 नवंबर को 9.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
- 9 नवंबर को सबसे ज्यादा 12.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
शराब की अलग-अलग श्रेणियों के आंकड़ों के मुताबिक, पांच दिनों में देशी शराब की बिक्री करीब 19.55 करोड़ रुपये रही। वहीं विदेशी स्पिरिट की बिक्री 29.66 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसके अलावा माल्ट श्रेणी की शराब से करीब 5.38 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।आंकड़ों से साफ है कि दीपावली के दौरान शुरुआती दिन बिक्री में थोड़ी गिरावट के बाद लगातार तेजी आई। खासकर 9 नवंबर को पिछले साल की तुलना में सबसे अधिक 12.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
