रायगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में उस कार्यक्रम स्थल का जायज़ा लिया,जहाँ पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को दस्तक देने वाले है | जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर बीजेपी संगठन सक्रिय हो गया है,कार्यक्रम स्थल में तैयारियों को लेकर जारी क़वायतों के बीच स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंची | उन्होंने मौके का जायज़ा लेते हुए,कार्यकर्ताओं को कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए | हेलीपैड में स्मृति ईरानी का स्वागत-सत्कार करने वालों का ताँता लगा रहा |

 हालाँकि,यहाँ भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी सादगी के साथ उनकी अगुवाई की | दिलचस्प बात यह है,कि स्मृति ईरानी के हाव-भाव से वाकिफ़ नेताओं ने बाजे-गाजे और फूल-मालाओं से लादने की परंपरा से दूरी बनाई रखी | हेलीपैड में बेहद साधारण ढंग से लेकिन,गर्म जोशी के साथ कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया | वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हेलीपैड में स्मृति ईरानी को मौके पर आयोजित कार्यक्रम की रूप-रेखा से अवगत कराया | 

कार्यक्रम स्थल में प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ,प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव,मंत्री केदार कश्यप,प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी,प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा के स्थानीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई | इसके साथ ही स्मृति ईरानी ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर नेताओं से विचार-विमर्श किया। आयोजन स्थल में कार्यक्रम संचालन,व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लेने के बाद स्मृति ईरानी ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी राय जाहिर की। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन एवं बैठकों को मौके पर ही अंतिम रूप देने के बाद स्मृति ईरानी ने मंत्री चौधरी और रामविचार नेताम से पार्टी संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया,ताकि कार्यक्रम की कामयाबी सुनिश्चित हो सके |

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए भाजपा संगठन प्रदेश ने काफी सुनियोजित तैयारी की है,धरमजयगढ़ में होने वाले इस आयोजन को लेकर दो दर्जन से ज्यादा पार्टी नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इसके पूर्व नितिन नबीन छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी के रूप में कार्यरत रहे है,बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष  का पद संभालने के करीब 10 महीने बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस आयोजन की बैठकों को लेकर व्यस्त बताए जाते है | उन्होंने प्रदेश भर के आदिवासी समुदाय को इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्यौता भेजा है |