जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आज बुधवार को आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक चेकपोस्ट पर हमला कर दिया. आतंकियों ने सीआरपीएफ के चेकपोस्ट को निशाना बनाकर गोलीबारी की. इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हो गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे. बाइक सवार आतंकियों ने चेकपोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर फायर झोंक दिया. इस फायरिंग में घायल हुए तीन जवानों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. हमले के तुरंत बाद CRPF जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी.गोलीबारी की सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को मौके पर भेजा गया. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. हमलावर आतंकियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. घटना के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. फिलहाल हमलावरों के बारे में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है.

टिप्पणियाँ (0)