रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें अभी कम होती नजर नहीं आ रही हैं। CBI की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद अब गुरुवार, 12 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस पेशी पर CBI के अगले कदम के साथ ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। बताया जा रहा है, कि CBI के अधिकारी सौरभ को बुधवार को दिल्ली से रायपुर ला सकते हैं।
12 नवंबर को होने वाली पेशी में सबसे अहम सवाल यह रहेगा कि क्या CBI सौरभ चंद्राकर से आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग करेगी या नहीं। यदि CBI आगे की रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने के लिए अदालत में नया आवेदन पेश कर सकती है।दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान ED ने अदालत में आवेदन देकर सौरभ चंद्राकर को अपने वारंट के आधार पर गिरफ्तार करने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय सौरभ CBI की कस्टडी में था। इसी वजह से अदालत ने ED के आवेदन को समय से पहले दाखिल किया गया बताते हुए प्रीमैच्योर करार दिया था। अब CBI की 8 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद ED एक बार फिर कार्रवाई के लिए अदालत का रुख कर सकती है।
CBI ने अपनी रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव सट्टा ऐप के पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम किन-किन लोगों तक पहुंचाई गई और इस पूरे नेटवर्क को चलाने में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका रही।महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को प्रमुख आरोपी के तौर पर चिह्नित किया गया।
वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव सट्टा ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। दूसरी ओर ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद उसे ओमान से भारत लाया गया। अब CBI की पूछताछ के बाद ED की संभावित कार्रवाई से महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ (0)