कोलकाता :पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक करने की धमकी मिली। विमान के टॉयलेट के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान विमान के एक टॉयलेट के शीशे पर लिखा धमकी भरा संदेश देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद विमान की उड़ान रोक दी गई और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
धमकी मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा कर्मियों ने विमान की सघन तलाशी शुरू की। विमान के अंदरूनी हिस्सों से लेकर सभी संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाया जा रहा है।
