राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश के दौरे पर आएंगी और विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के पारंपरिक आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति को बस्तर दशहरा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति का यह दौरा बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

वहीं, मुख्यमंत्री साय ने अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। छत्तीसगढ़ में भारत और जिम्बाब्वे के बीच महिला टी20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर उन्होंने उत्साह जताया और महिला दर्शकों के लिए निःशुल्क टिकट की जानकारी दी। विधानसभा की कार्यवाही की समय-सीमा पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के पत्र को लेकर CM साय ने कहा कि इस पर फैसला विधानसभा अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में आता है। SIR के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी की तिरंगा रैली को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। वहीं, आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने धर्म परिवर्तन करने वालों को आरक्षण का लाभ मिलने के मुद्दे पर अपना पक्ष रखा।