दुर्ग : - छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गरबा उत्सव के दौरान गैर-हिंदू युवकों के प्रवेश को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सिविल लाइन स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा कार्यक्रम के बीच बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मंच पर झूमाझटकी व हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने 9 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, हिंदू संगठनों ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने पर एसपी का पुतला दहन करने की चेतावनी दी है।

जानकारी के मुताबिक, दुर्ग नवनिर्माण समिति की ओर से हॉकी ग्राउंड में गरबा उत्सव आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता मंच तक पहुंच गए और पंडाल में मुस्लिम युवकों के प्रवेश पर आपत्ति जताई। कांग्रेस नेता धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कार्यक्रम निशुल्क है और माता रानी में आस्था रखने वाले सभी लोगों के लिए खुला है। दूसरी ओर, विहिप पदाधिकारी रामलोचन तिवारी ने गरबा आयोजन में गैर-हिंदू युवकों की मौजूदगी पर सवाल उठाए। एफआईआर दर्ज होने के बाद हिंदू संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्र के मुताबिक, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस की जांच और प्रशासन के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।