गुजरात के अहमदाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने संदिग्ध केचप बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने कथित फैक्ट्री से करीब 2,000 किलो केचप जब्त किया है। इस पूरे मामले का सुराग एक स्ट्रीट फूड लारी पर रखे केचप के डिब्बे से मिला। नियमित जांच के दौरान उत्पाद की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने डिब्बे पर दर्ज पते की पड़ताल की, लेकिन वहां कोई गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद विभाग ने अपने स्तर पर जांच का दायरा बढ़ाया और तलाश करते हुए उस ठिकाने तक पहुंचा, जहां कथित तौर पर केचप तैयार किया जा रहा था।
जांच के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, केचप बनाने के लिए आलू को पीसकर उसका पाउडर तैयार किया जाता था। फिर उसमें पानी, रंग, एसिटिक एसिड और अन्य रसायन मिलाकर गाढ़ा मिश्रण बनाया जाता था। इस उत्पाद को पांच-पांच किलो के डिब्बों में पैक कर कथित तौर पर 105 रुपये प्रति डिब्बे की दर से बेचा जाता था। नगर निगम के सेफ्टी ऑफिसर अमित पटेल के मुताबिक, पूरी कार्रवाई एक लारी से मिले संदिग्ध डिब्बे के आधार पर शुरू हुई थी। फिलहाल जब्त उत्पाद की वास्तविक संरचना और स्वास्थ्य पर उसके संभावित प्रभाव की पुष्टि प्रयोगशाला जांच से होगी। फैक्ट्री संचालकों की पहचान और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
