लखनऊ : कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश से लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में करीब साढ़े छह घंटे की पूछताछ हुई है | इसके बाद पुलिस तीनों को साथ लेकर अज्ञात स्थान की ओर रवाना हुई। गौरतलब है,कि इन सभी आरोपियों को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किया गया था | लखनऊ में पुलिस वैन में बैठते समय श्रद्धा दुबे ने मीडिया को देखकर हाथ जोड़ लिए। तीनों आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद सीजीएम कोर्ट में पेश किया गया। मॉडल श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर को लखनऊ कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।  हज़रत गंज कोतवाली में पूछताछ के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम नजर आए। यहाँ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार किया था। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक,आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराए गए थे। लगातार बदलती लोकेशन के कारण उनकी गिरफ्तारी में परेशानी आ रही थी। तलाश में यूपी एसटीएफ को भी लगाया गया। सोमवार रात आरोपियों की लोकेशन नागपुर में मिलने के बाद पुलिस टीमें वहां पहुंचीं और एक अपार्टमेंट में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़े : छत्तीसगढ़ में AK-47 से धांय-धांय,स्टंट,रीलबाज़ी या शस्त्र पूजा ? PHQ से नोटिस जारी, हर्ष फायरिंग पर राजनांदगांव SP को देना होगा जवाब,वायरल वीडियो ने दिखाया रंग...

पुलिस के अनुसार, श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय कर कई होटलों और लॉज में ठहरी थी। बताया गया कि पुलिस की टीम किसी ठिकाने पर पहुंचती, उससे कुछ घंटे पहले ही तीनों वहां से निकल जाते थे। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई ठिकानों की जानकारी मिली, जहां आरोपियों के ठहरने के बाद टीमें पहुंचीं। शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश के नेपाल भागने की आशंका जताई गई थी। पुलिस की पड़ताल में उनकी गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल स्थित एक होटल में भी ठहरी थी। शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।