अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में लोगों के लिए खतरा बन चुके उत्पाती 'कबरा' हाथी को पकड़ने वन विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पिछले छह महीनों में इस हाथी के हमलों में 19 लोगों की जान जाने की खबर है। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने विशेषज्ञों की टीम को मैदान में उतारा है। अभियान में दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथ और दुर्योधन को भी शामिल किया गया है। वहीं, हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी फिलहाल उदयपुर क्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद है। उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज यानी बेहोश कर पकड़ने की योजना बनाई गई है। इसके बाद उसके गले में कॉलर आईडी लगाई जाएगी, जिससे उसकी लोकेशन और गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा सकेगी। इस अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वाइल्डलाइफ विशेषज्ञ और पशु चिकित्सकों की टीम भी तैनात है। हाथी की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के करीब एक दर्जन स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है। वन विभाग की कोशिश है कि कबरा हाथी को सुरक्षित काबू कर क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जारी दहशत से राहत दिलाई जा सके।
ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सायर और कुदर बसवार समेत आसपास के करीब 14 स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। एक दिन पहले भी प्रशासन ने उदयपुर क्षेत्र के पांच स्कूल बंद रखे थे।वन विभाग और पुलिस की टीमें इलाके में लगातार गश्त कर रही हैं। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की तरफ न जाने की हिदायत दी जा रही है। बीते दिन प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

टिप्पणियाँ (0)