रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने बुधवार को सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है। इसके साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है। अब जांच एजेंसी दिल्ली में उससे महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब तलाशेगी।CBI की पूछताछ का मुख्य फोकस महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी सिंडिकेट, करोड़ों रुपये के आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका पर रहेगा। एजेंसी यह भी जानने की कोशिश करेगी कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन कैसे होता था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची, जहां बुधवार को विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण की शर्तों को लेकर सवाल उठाए, जबकि CBI ने मामले की गंभीरता और विस्तृत पूछताछ की जरूरत बताते हुए रिमांड की मांग की।अदालत से 8 दिन की रिमांड मिलने के बाद CBI अब सौरभ को दिल्ली मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करेगी। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। कोर्ट ने सौरभ को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।