राजगढ़ : - मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, लड़की 30 सितंबर को अंकित नाम के युवक से मिलने पहुंची थी। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर आरी से उसकी गर्दन काट दी। हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया। वारदात के बाद भागते समय आरोपी अंकित की बाइक एक ट्रक से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लड़की के लापता होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज में वह अंकित के साथ बाइक पर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने अंकित के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें उसके मामा के बेटे अभिषेक से घटना वाले दिन कई बार बातचीत होने की जानकारी मिली। पुलिस ने अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर मलावर थाना पुलिस ने 6 अक्टूबर को शमशेरपुरा के जंगल से लड़की का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार, शव से करीब 50 फीट दूर उसका कटा हुआ सिर मिला। मौके से हत्या में इस्तेमाल आरी और रस्सी का फंदा भी बरामद हुआ है। पुलिस अब हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ (0)