जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस पर तीन महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को नई दिल्ली इलाके में प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने के बीच महिला पत्रकारों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायतों को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। इससे पहले प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को रोके जाने और एक महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर देर रात विरोध भी हुआ था।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मार्च के दौरान पत्रकारों को आगे बढ़ने से रोका गया और एक महिला पत्रकार के साथ पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में रविवार को इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक नागरिक मार्च प्रस्तावित है, जिसका नेतृत्व आइसा कर रहा है। आयोजकों के मुताबिक मार्च में सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा समेत छात्र और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल होंगे।