‘सेवा ज्योति’ के साथ 2047 का संकल्प, CM साय समेत BJP नेताओं ने लिया विकसित छत्तीसगढ़ का प्रण; 38 जगह बनेंगे सेवा ज्योति चौक


रायपुर : - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में बुधवार को बीजेपी के सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मशाल थामकर यात्रा की अगुवाई की। IGKV के कृषि मंडपम से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा तक पहुंची, जिसमें बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान बाइक रैली भी निकाली गई। प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए सेवा और विकास के संकल्प का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय समेत बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया। सीएम साय ने बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान के जरिए विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।