रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक बेकाबू सांड ने लोगों के बीच दहशत फैला दी। सांड ने अलग-अलग जगहों पर करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया। हमले में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल समेत कई लोग घायल हुए हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड एक बच्चे को गोद में लिए जा रहे बुजुर्ग पर अचानक हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कल्पना पटेल को इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हमलों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांड को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से सांड को बेहोश कर काबू में लिया गया। वहीं, स्थानीय लोगों और गौ सेवकों ने सांड के रेबीज संक्रमित होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना के बाद एक बार फिर रायपुर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
टिप्पणियाँ (0)