बिलासपुर : - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय पोते ने अपनी ही 65 साल की दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दादी उसे देर रात तक घर से बाहर घूमने और गलत संगति में रहने से मना करती थी। इसी बात को लेकर पोते के मन में नाराजगी थी। सोमवार रात फिर से दादी ने उसे टोका तो गुस्से में उसने घर में रखी खाट के पाए से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दादी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पिता को किया फोन, शव के पास बैठा रहा आरोपी
मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी के सतनामी पारा का है। मृतका की पहचान नरबदा कोशले (65) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पोते का नाम मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले (21) बताया गया है। घटना के समय आरोपी के माता-पिता काम के सिलसिले में ऊटी गए हुए थे और घर में वह अपनी दादी के साथ रह रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और अपने पिता को फोन कर दादी की हत्या करने की बात बताई।
पिता की सूचना पर गांव में रहने वाले रिश्तेदार भगवत महिलांगे पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर नरबदा कोशले का शव पड़ा था और आरोपी उसके पास ही बैठा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 और पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर आरोपी को हिरासत में लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

टिप्पणियाँ (0)