अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर अपनी छुट्टियों की तस्वीरों को लेकर विवादों में घिर गई हैं। बहामास में छुट्टियां मनाने पहुंचीं केंडल की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें वह काले रंग की टू-पीस बिकिनी के ऊपर पीले और लाल रंग का 'ॐ' छपा सारोंग लपेटे नजर आ रही हैं। तस्वीरें सामने आते ही भारतीय यूजर्स ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे हिंदू धर्म की आस्था और पवित्र प्रतीक का अपमान बताते हुए सवाल उठाया कि धार्मिक चिह्नों का इस्तेमाल इस तरह फैशन के लिए करना कितना उचित है।
दरअसल, केंडल अपनी बहन काइली जेनर के साथ हेली बीबर का जन्मदिन मनाने बहामास पहुंची थीं। इसी दौरान काइली ने सोशल मीडिया पर दोनों बहनों की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे यॉट पर साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरों में केंडल के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि 'ॐ' केवल कोई डिजाइन या फैशन ट्रेंड नहीं, बल्कि हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र प्रतीक है, जिसका संबंध आध्यात्मिक चेतना और परम सत्य से माना जाता है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या केंडल को इस प्रतीक के धार्मिक महत्व की जानकारी है? वहीं, कई यूजर्स ने इसे सांस्कृतिक संवेदनशीलता की कमी बताते हुए नाराजगी जाहिर की है। फिलहाल, इस विवाद पर केंडल जेनर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

टिप्पणियाँ (0)