जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन ने अब सरकार का ध्यान भी खींच लिया है। खनन क्षेत्र से निकला मलबा आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचने के बाद जंगलों और पर्यावरण को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। वन मंत्री केदार कश्यप ने हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स (HoFF) को पेड़ों, वनस्पतियों और वन्यजीवों पर पड़े प्रभाव की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री के मुताबिक, करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी मिली है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, डिपॉजिट-14 में भूस्खलन के बाद बड़ी मात्रा में मलबा वन विभाग के फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, मलबा करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में फैल गया है। इस घटना ने खनन गतिविधियों के दौरान पर्यावरणीय सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं? मामले में वन विभाग ने NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में वन संपदा को हुए नुकसान और जिम्मेदारी भी तय करने की कोशिश होगी।
इधर, NMDC प्रबंधन ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ जनरल मैनेजर (HR) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि, निलंबन आदेश में कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के जांच दल को घटनास्थल का निरीक्षण करने की अनुमति देने से इस कार्रवाई को जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भूस्खलन से आरक्षित वन क्षेत्र और वन्यजीवों को कितना नुकसान पहुंचा और इस नुकसान के लिए जिम्मेदार कौन है? वन विभाग की जांच रिपोर्ट से इन सवालों पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ (0)