छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होते ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है, वहीं मैदानी इलाकों में भी रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है। बलरामपुर-रामानुजगंज 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। सरगुजा में पारा 9.2 डिग्री और सूरजपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सूरजपुर में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री कम दर्ज किया गया।

ठंड का असर मैदानी इलाकों में भी तेजी से बढ़ रहा है। बालोद में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा में 6.5 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया है। पेंड्रा समेत कई इलाकों में सुबह कोहरे की चादर दिखाई देने लगी है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और किसी विशेष अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस हो रही है।