ब्रिटेन की एक महिला के लिए चैरिटी शॉप से की गई महज 100 रुपये की खरीदारी जिंदगी का सबसे चौंकाने वाला सौदा बन गई। महिला ने दुकान से एक अंगूठी सिर्फ उसके डिजाइन पसंद आने पर खरीदी थी, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि मामूली दिखने वाली यह अंगूठी करीब 200 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर निकलेगी। जब उसने अंगूठी की जांच कराई, तो पता चला कि इसकी कीमत करीब 2.2 लाख रुपये है। यानी एक रुपये नहीं, बल्कि महज 100 रुपये खर्च कर महिला के हाथ ऐसा खजाना लग गया, जिसकी कीमत खरीदारी से हजारों गुना ज्यादा थी।
जांच के दौरान एंटिक्स विशेषज्ञ जॉन बेंजामिन ने अंगूठी को जॉर्जियन काल यानी 1790 से 1800 के बीच का बताया। इसमें लगा बीच का पत्थर असली हीरा, चारों ओर जड़े लाल पत्थर रूबी और अंगूठी 22 कैरेट सोने की निकली। विशेषज्ञ के मुताबिक, इसकी कारीगरी मुगलकालीन भारत से जुड़ी है और इसे ताजमहल के आसपास के क्षेत्र में बनाया गया था। अंगूठी की खास बनावट और पिछले हिस्से पर सूरज जैसी डिजाइन ने इसकी ऐतिहासिक पहचान उजागर करने में मदद की। करीब दो सदियों का सफर तय कर भारत से ब्रिटेन पहुंची यह अंगूठी अब महिला के लिए किसी लॉटरी से कम नहीं है।

टिप्पणियाँ (0)