रायपुर/दिल्ली : ओमान से भारत लाए गए महादेव एप्प सट्टा कारोबार के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की रायपुर सेंट्रल जेल में एंट्री हो गई है,उसे पहली रात से ही VIP ट्रीटमेंट मिलेगा या नहीं ? यह तो वक्त ही बताएगा ? लेकिन, उसकी जेल एंट्री से सट्टा बाजार में हलचल तेज़ हो गई है | कई नामी-गिरामी सटोरिए सौरभ को जेल के भीतर सुविधा संपन्न बनाने के लिए जद्दोजहद में जुट गए है | उसे जेल के भीतर आम कैदियों की तर्ज पर रखा जायेगा या फिर खास सुविधाएँ मुहैया कराई जाएगी यह देखना गौरतबल होगा |

इस बीच छत्तीसगढ़ कैडर के 4 आईपीएस अधिकारियों को सीबीआई द्वारा तलब किए जाने से पुलिस महकमे में भी गहमा-गहमी तेज़ हो गई है,जिन आईपीएस अधिकारियों को एजेंसी का फरमान जारी हुआ है,उनमे 2001 बैच के आनंद छाबड़ा,2005 बैच के शेख आरिफ,2007 बैच के प्रशांत अग्रवाल और 2013 बैच के अभिषेक पल्लव का नाम शामिल बताया जाता है | इस बीच सीबीआई की रिमांड खत्म होने के बाद सौरभ चंद्राकर की सेन्ट्रल जेल में पहली रात को लेकर सट्टा बाजार में हलचल तेज़ देखी जा रही है | दिल्ली से आ रही खबरों के मुताबिक,महादेव ऑनलाइन सट्टा एप्प की रोकथाम के बजाए इस कारोबार को देशभर के विभिन्न राज्यों में विस्तार करने में जुटे दागी आईपीएस अधिकारियों को एजेंसी ने बाकायदा नोटिस जारी कर दिल्ली तलब किया है |

यह भी पढ़े : महादेव ऐप केस,सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड, ED का वारंट आवेदन खारिज

इन अधिकारियों के ठिकानों पर करीब साल भर पहले सीबीआई ने छापेमारी की थी | हालाँकि,दागी अफसरों ने ऊँची पहुँच और कई तिकड़मों को आज़माते हुए जाँच-पड़ताल तक से भी अपना नाम अलग कर लिया था | लेकिन अब,एजेंसी ने नए सिरे से बिंदुओं की जाँच शुरू करते ही,आईपीएस अफसरों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है | उधर,सीबीआई जाँच के पटरी पर आते ही,खाकी वर्दी में छिपे सटोरिए कारोबारी पुलिस अधिकारियों के कैंप में खलबली मच गई है | तस्दीक की जाती है,कि स्टडी लीव के नाम पर पूर्व मुख्यमंत्री बघेल की राजनैतिक उठा-पठक में व्यस्त रायपुर रेंज के पूर्व आईजी शेख आरिफ ने एक बार फिर ''सीबीआई" में सेंधमारी भी शुरू कर दी है |

यह भी पढ़े :"विचित्र किन्तु सत्य" ! रायपुर में सड़क छाप ''पंजा" ? कमल राज में आखिर किसका कमाल ? प्रदेश में बीजेपी की सरकार, फिर ये कैसा नजारा...

यह भी बताया जाता है,कि छत्तीसगढ़ कैडर के इन आईपीएस अधिकारियों ने महादेव एप्प सट्टा पर प्रभावी रोक लगाने के बजाए दुबई में बैठे इसके ''आकाओं'' से बड़ी डील कर ली थी | इस दौरान सरकार की आँखों में धूल झोंक कर इन आईपीएस अफसरों के गिरोह ने छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में "सट्टा" पैनल स्थापित करने के लिए अपने पद और प्रभाव का जमकर इस्तेमाल किया था | इस अवैध कारोबार से कांग्रेस के कई नेताओं समेत पुलिस महकमे के चुनिंदा SP,SSP,ASP,CSP,DSP और थानेदारों को प्रतिमाह लाखों का भुगतान किया जाता था |

यह भी पढ़े : जगदलपुर टू हिड़मा विलेज पुवर्ती ट्रिप LIVE :- 36 साल बाद ख़ुशी में आतिशबाज़ी ! हिड़मा के गांव में वर्ष 1990 के बाद अब 2026 में पहली बार मनी दीपावली,दहशत का खत्मा..

ED के हत्थे चढ़े ASI चंद्रभूषण वर्मा ने अपने बयानों में तस्दीक की थी,कि दोहरे प्रभार में तैनात रायपुर रेंज के तत्कालीन आईजी शेख़ आरिफ और आनंद छाबड़ा को ''दोहरी रकम" हर माह डिलीवर की जाती थी | ASI चंद्रभूषण वर्मा ने साफ़ किया था,कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने हर माह करोड़ों की कथित प्रोटेक्शन मनी पुलिस अधिकारियों के अलावा तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल और उनके तत्कालीन सलाहकार विनोद वर्मा के ठिकानों तक पहुंचाने का पुख़्ता बंदोबस्त किया था | जबकि,सिंगल प्रभार वाले पुलिस अधिकारियों को तय रकम का हिस्सा लाखों में नगद हाथों-हाथ सौंपा जाता था | उन्होंने,ED में दस्तावेजी ब्यौरा पेश कर इस काले कारोबार की कलई खोलकर रख दी थी |

यह भी पढ़े : महादेव ऐप के किरदारों का विदेश में खेल खत्म ? अब देश के भीतर वर्दी में सटोरियों की शिनाख्ती को लेकर माहौल गर्म ? आधा दर्ज़न आईपीएस अफसरों की बारी का इंतज़ार...

यह भी बताया जाता है,कि ज़िम्मेदार आईपीएस अधिकारियों ने मोटी कमाई के चलते कुख़्यात सटोरियों से सांठ-गांठ कर उन छोटे और मझोले क़िस्म के सटोरियों को बाजार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था,जो महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा कारोबार के लिए चुनौती पैदा कर रहे थे | बताते है,कि छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे के भीतर सट्टा कारोबार काली कमाई का बड़ा जरिया बन गया था,तत्कालीन मुख्यमंत्री "भू-PAY" बघेल की क्षत्र-छाया में,इस कारोबार ने राज्य के छोटे-बड़े गांव-कस्बों तक में अपनी जड़े जमा ली थी |

जानकारी के मुताबिक,महादेव एप्प सट्टे की काली कमाई के बढ़ते ग्राफ़ ने रायपुर पुलिस रेंज और आईजी इंटेलिजेंस की कमान संभाल रहे,तत्कालीन आईपीएस अधिकारियों की कार्यप्रणाली को आपराधिक दायरे में ला दिया था | लेकिन,तत्कालीन मुख्यमंत्री के संरक्षण में सट्टा कारोबार देखते ही देखते,देश-विदेश तक फ़ैल गया था | टीवी के मशहूर शो "कपिल शर्मा लाफ्टर शो'' में आईपीएस शेख़ आरिफ अपनी धाक जमाने पहुँच गए थे | जबकि,आईपीएस आनंद छाबड़ा ने ED और CBI समेत अन्य केंद्रीय जाँच एजेंसियों की वैधानिक कार्यवाही ठप्प करने,फ़ोन-मोबाइल टैपिंग एवं अन्य जासूसी करने के लिए तमाम सरकारी संसाधन झोंक दिए थे | यहाँ तक की पूर्व मुख्यमंत्री की तत्कालीन उपसचिव सौम्या चौरसिया के ठिकानों पर छापेमारी से पूर्व ED के वाहनों की ना केवल हवा निकाल दी थी,बल्कि चालानी कार्यवाही करते हुए,वाहनों को अपने कब्ज़े में ले लिया था |

बता दे,कि केंद्रीय प्रवर्तन निर्देशालय (ED) ने इन आईपीएस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जाहिर करते हुए, छत्तीसगढ़ पुलिस के उन जवानों को अपने कब्जे में लिया था,जो रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय में जासूसी करते रंगे हाथों धरे गए थे | छत्तीसगढ़ सरकार के तत्कालीन चीफ सेक्रेटरी को एजेंसी ने ऐसे अफसरों का नामज़द हवाला देते हुए,उनकी कार्यप्रणाली से अवगत भी कराया था | यह जानकारी भी सामने आई,कि कांग्रेस सरकार की रवानगी तय होते ही,तत्कालीन आईजी इंटेलिजेंस आनंद छाबड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के सरकारी और निजी आवास एवं दफ्तर में लगे,तमाम CCTV फुटेज,कंप्यूटर डाटा और दस्तावेज समेत कई गोपनीय फाइलें नष्ट कर दी थी | पूर्व मुख्यमंत्री से रोजाना मेल-मिलाप करने वाले घोटालेबाज़ों की हकीकत एजेंसियों के हाथ लगने के अंदेशे के चलते तमाम सरकारी रिकॉर्ड रातों-रात रहस्यमय ढंग से गायब होने की जाँच अब तक लंबित बताई जाती है।

यह भी बताया जाता है,कि महादेव एप्प घोटाले की ED जाँच और छापेमारी शुरू होते ही,सटोरिए आईपीएस अधिकारियों ने दुर्ग एवं रायपुर में छोटे-छोटे सट्टा कारोबारियों पर साधारण धाराओं में लगभग 72 से 74 FIR दर्ज की और ज्यादातर आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने से ही,हाथों-हाथ ज़मानत भी दे दी गई थी| जबकि,इन्ही में से कुछ निम्न स्तरीय सटोरियों को अदालत के सुपुर्द कर सिर्फ खानापूर्ति की गई | महादेव एप्प पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अपने हाथ पीछे खींचने वाले इन अफसरों ने अब इन्ही FIR का हवाला देकर खुद को पाक-साफ़ बताने का दांव खेला है | तस्दीक की जाती है,कि केंद्रीय जाँच एजेंसी के दबाव और छापेमारी के अंदेशे के चलते इस दौरान 200 से अधिक आरोपियों को थाने से ही जमानत का लाभ दिया गया था |

रायपुर से लेकर दिल्ली तक चर्चा आम है,कि 15 हज़ार करोड़ के महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा कारोबार से छत्तीसगढ़ कैडर के दागी आईपीएस अधिकारियों ने चंद वर्षों में हज़ारों करोड़ की काली कमाई की थी | इस रकम को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा पुणे, मुंबई,लखनऊ,दिल्ली,जम्मू-कश्मीर समेत दुबई तक बेनामी निवेश किए जाने का दावा सट्टा बाज़ार के खिलाडियों की जुबान पर है | यह जानकारी भी सामने आई है,कि शेख आरिफ अपने कतिपय ''बैच मेट आईपीएस" की सहायता से CBI और ED की जाँच को प्रभावित करने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ इस बार भी जुटे हुए है | हालाँकि तस्दीक की जा रही है,कि इन दिनों एजेंसियों में अफसरों के बदलाव और विस्तृत होते जाँच के दायरे ने दागी अफसरों की बेचैनी बढ़ा दी है |

यह भी पढ़े : कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ बेशक़ीमती खदाने 'औने-पौने' दाम में हथियाने से जुड़ें मामलों की भी जाँच शुरू,अग्रवाल-त्रिपाठी को हाईकोर्ट से जमानत लेकिन बाहर आना मुश्किल ?

इधर,रायपुर में ED ने भी सटोरियों पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है | सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए ED ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है,लेकिन उसे अभी आशातीत कामयाबी नहीं मिल पाई है,8 दिन की रिमांड खत्म होने पर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ने आज रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया था,जहाँ से उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया है। जबकि,कोर्ट ने सौरभ के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट जारी करने की मांग से जुड़ा ED का आवेदन खारिज कर दिया।

सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया था,सीबीआई ने उससे सट्टा नेटवर्क संचालन,आर्थिक लेनदेन, हवाला कारोबार,मनी लॉन्ड्रिंग,बैंकों में रकम के हस्तांतरण और देश-विदेश में नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर लंबी पूछताछ की है | फ़िलहाल,महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा कारोबार में लिप्त पाए गए आईपीएस समेत तमाम पुलिस अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दिए जाने की मांग प्रशासनिक और राजनैतिक गलियारों में जोर पकड़ रही है |