नई दिल्ली : - रणबीर कपूर और यश स्टारर पौराणिक फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म की कमाई में दूसरे शनिवार को जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज इस कदर बना हुआ है कि घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ विदेशी बाजारों में भी इसका प्रदर्शन शानदार बताया जा रहा है। महज 11 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1,228 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। खास बात यह है कि फिल्म की कमाई में एक दिन के भीतर 51.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

फिल्म के 10वें दिन भारत में 72.90 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की गई, जिसके बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल नेट कलेक्शन 685.60 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 819.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, विदेशी बाजारों से 408.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दुनियाभर का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,228 करोड़ रुपये हो गया है। भाषा के हिसाब से हिंदी वर्जन फिल्म की कमाई में सबसे आगे रहा। शनिवार को हिंदी वर्जन ने 18,557 शोज के जरिए 53.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि कन्नड़ वर्जन ने 893 शोज से 5.40 करोड़ रुपये कमाए। शानदार कमाई के दम पर फिल्म दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में सातवें स्थान पर पहुंचने का दावा कर रही है।