
नई दिल्ली: आउटर दिल्ली के मुंडका इलाके के टिकरी कलां में बुधवार को एक CNG पंप पर बड़ा हादसा हो गया। टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित पंप पर CNG भरवाते समय एक ट्रक के सिलेंडर में अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में छह लोग घायल हुए, जिनमें से 25 वर्षीय मनीष की इलाज के दौरान मौत हो गई। मनीष बाबा हरिदास कॉलोनी का रहने वाला था। वहीं, घायल पांच अन्य लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को दोपहर करीब 3:37 बजे विस्फोट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर जरूरी एहतियाती कदम उठाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। विस्फोट आखिर किस वजह से हुआ, इसका सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है।







