
बिलासपुर : – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पारिवारिक विवाद का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में एक युवक पर अपनी महज दो साल की भतीजी को जलते चूल्हे में डालने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान नितिन कुमार लोनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नितिन कुछ समय पहले अपनी भाभी को लेकर चला गया था। वापस लौटने के बाद परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में उसने अपनी दो साल की भतीजी परमेश्वरी को कथित तौर पर जलते लकड़ी के चूल्हे में डाल दिया। बच्ची बुरी तरह झुलस गई और इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के पीछे की वजह समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। मासूम की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।




