
रायपुर : – राजधानी में स्वाइन फ्लू के मामलों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में रायपुर में 38 और पूरे प्रदेश में 85 नए संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 122 पहुंच गई है। इनमें 32 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 90 का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि पिछले आठ महीनों में स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।

डॉक्टरों का कहना है कि समय पर जांच और इलाज मिलने पर मरीजों को गंभीर स्थिति से बचाया जा सकता है। हालांकि, डायबिटीज, कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सर्दी-खांसी, वायरल फीवर या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। जरूरत पड़ने पर जांच कराएं और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें। आंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध है।

फिलहाल अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि मौसम में बदलाव के बाद संक्रमण के मामलों में कमी आ सकती है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की स्थिति पर नजर रख रही हैं और लोगों को बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सावधानी, समय पर जांच और उपचार से संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सकता है।



