
कोरबा : – जिले के पाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शांति बस्ती में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 स्थित शांति बस्ती में बुधवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच 40 वर्षीय रमेश डोंगरे का अपनी पत्नी 39 वर्षीय बंधन कुंवर से विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि घर निर्माण को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर रमेश ने घर में रखे सीमेंट के डम्बल से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में बंधन कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में घर बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर सीमेंट के डम्बल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।




