
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं होने से सीजन की कुल बारिश सामान्य से 4 प्रतिशत कम हो गई है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक यह कमी अभी चिंता का बड़ा कारण नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के असर से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ सकती है, जिससे कई इलाकों में बादल सक्रिय होंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर में भी सोमवार को मौसम बदलने के आसार हैं। यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन बिजली चमकने और गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





