
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नक्सलवाद, महिला सशक्तिकरण और सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।
देखें वीडियो : –
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा देश और छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है। एक समय इसे खत्म करना असंभव जैसा लगता था, लेकिन लगातार प्रयासों से सशस्त्र नक्सलवाद को समाप्त करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब नक्सली विचारधारा को भी खत्म करने की जरूरत है, ताकि प्रदेश में स्थायी शांति और विकास का रास्ता मजबूत हो सके। सीएम साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख हितग्राही महिलाओं के खातों में अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। पीएम जनमन योजना से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं, जबकि 6 हजार 691 जनजातीय बहुल गांवों को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।




