
रायपुर : – राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुई प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों ने पहला, दुर्ग संभाग ने दूसरा और रायपुर संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।

सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीतों पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए वंदे मातरम के 150 वर्षों की यात्रा, मातृभूमि के प्रति प्रेम और युवा शक्ति के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते भारत की तस्वीर को आकर्षक अंदाज में पेश किया।

दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। अलग-अलग अवसरों और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाती इस प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी भावनाओं को नृत्य की लय और ऊर्जा के साथ जोड़कर राष्ट्रप्रेम की भावना को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।

रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में छात्र-छात्राओं ने देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को नृत्य एवं संगीत के माध्यम से जीवंत किया। समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और देशभक्ति के माहौल को और खास बना दिया।




