
रायपुर : – राजधानी रायपुर में बुधवार को कमरछठ (हलषष्ठी) का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पुत्रों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कमरछठ के अवसर पर महिलाओं ने व्रत रखा और पूजा स्थल पर भगवान शिव, माता पार्वती सहित हलषष्ठी माता की पूजा-अर्चना की। पारंपरिक रूप से पूजन में पसहर चावल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का उपयोग किया गया। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा सुनी और पूजा के बाद एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

शहर के कई मोहल्लों और कॉलोनियों में कमरछठ के लिए विशेष पूजा स्थल सजाए गए थे। सुबह से ही यहां महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक परिधान में पहुंचीं महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजन किया। इस दौरान पर्व से जुड़ी लोक परंपराओं और मान्यताओं की भी झलक देखने को मिली।

कमरछठ पर्व के अवसर पर महिलाओं में पारंपरिक साज-श्रृंगार और उत्साह की खास झलक देखने को मिली। पारंपरिक परिधानों और सादगीपूर्ण श्रृंगार में महिलाएं बेहद आकर्षक नजर आईं। माथे की बिंदी, सजी हुई चूड़ियां और पारंपरिक आभूषणों ने उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं के चेहरे पर श्रद्धा और उल्लास की झलक देखते ही बन रही थी।

महिलाओं ने बताया कि कमरछठ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण लोकपरंपराओं में से एक है। यह पर्व माताओं की आस्था, परिवार की खुशहाली और संतान के मंगल की कामना से जुड़ा हुआ है। राजधानी में भी लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों को निभाते हुए इस पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।




