
परभणी। महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के यशवाड़ी गांव स्थित मारुति (हनुमान) मंदिर परिसर में सभा मंडप की छत का स्लैब अचानक गिर गया। हादसे के समय मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छत गिरने से 30 से 40 श्रद्धालुओं के मलबे में दबने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मियों ने मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। मंदिर के सभा मंडप का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। अब तक मलबे में फंसे करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात हैं ताकि जरूरतमंदों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि यशवाड़ी गांव मानवत रोड पर स्थित है और छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर है। शनिवार को भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी, जिसके चलते हादसे का असर अधिक लोगों पर पड़ा।फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







