
कानपुर : – उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद वह अपना संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि विमान ट्विन इंजन वाला ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था और उसमें दो पायलट मौजूद थे। दुर्घटना के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर मलबा फैल गया। हादसे में एक पायलट की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। घायल पायलट को मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और ग्रामीणों को मलबे के पास जाने से रोक दिया।

फिलहाल विमान हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उड़ान के दौरान विमान में धमाका किस वजह से हुआ और क्या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विमान से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी खंगाली जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि घायल पायलट की हालत गंभीर बताई जा रही है।
देखें वीडियो : –




