‘टॉक्सिक’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, पहले दिन 100 करोड़ के करीब पहुंची कमाई …

हैदराबाद : – यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है। 26 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची इस फिल्म को लेकर जहां एक तरफ दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, वहीं कमाई के मामले में फिल्म ने शानदार रफ्तार पकड़ ली है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन शाम तक फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 91.91 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि ग्रॉस कमाई 108 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। हिंदी बेल्ट फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा सहारा बनी हुई है।

पहले दिन की कमाई के आंकड़ों ने ‘धुरंधर 2’ के ओपनिंग रिकॉर्ड पर भी खतरा पैदा कर दिया है। ‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन करीब 103 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी, जबकि ‘टॉक्सिक’ कुछ ही घंटों में इस आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई। अगर फिल्म की कमाई की यही रफ्तार बनी रहती है तो इसके 24 घंटे पूरे होने तक यह रणवीर सिंह की फिल्म को पीछे छोड़ सकती है। इतना ही नहीं, ट्रेड एनालिसिस में अब इसकी तुलना ‘केजीएफ चैप्टर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘आरआरआर’ जैसी बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों से भी होने लगी है।

हालांकि, ‘पुष्पा 2: द रूल’ का पहले दिन का रिकॉर्ड अभी भी ‘टॉक्सिक’ से काफी आगे है। ‘पुष्पा 2’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 164 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। ‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है और इस फिल्म के जरिए यश करीब चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। अब नजर फिल्म के दूसरे दिन के कलेक्शन पर है, जिससे साफ होगा कि ओपनिंग के बाद ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी रेस दौड़ पाती है।

About The Author