
अमरावती : – आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। चिलकलुरिपेट इलाके में एक तेज रफ्तार निजी बस और ऑटो-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा अड्डा रोड के पास हुआ, जहां विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही निजी बस ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे, जो प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर में आयोजित जन्मदिन समारोह से अपने गांव वेलुरु लौट रहे थे। हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि इलाज के दौरान तीन अन्य की मौत हो गई। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें चिलकलुरिपेट और गुंटूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान बोंटू बाबू, बोंटू मानेम्मा, संपूर्णम्मा, गंगम्मा, लक्ष्मम्मा, चौतुपल्ली स्वार्थम्मा और मारियम्मा के रूप में की है।
हादसे की खबर मिलते ही राज्य सरकार ने भी घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी अधिकारियों से बात कर राहत और उपचार की जानकारी ली। वहीं गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने पलनाडू के अतिरिक्त एसपी से घटना को लेकर जानकारी हासिल की। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।




