
लखनऊ: अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर रामभक्तों को भरोसा देते हुए कहा कि बस 15 दिन और इंतजार कर लें, थोड़ा धैर्य रखें और बिल्कुल भी चिंता न करें। उन्होंने बताया कि सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर SIT जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरा सच सामने आएगा और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि अपराधी कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से SIT की रिपोर्ट आने तक किसी भी तरह की बयानबाजी से बचने की अपील की, ताकि जांच प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक रूप से किसी का चरित्र हनन न किया जाए और अयोध्या को बदनाम करने से बचा जाए।विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों का अपमान करते थे और माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ते थे, वे आज रामभक्ति का उपदेश दे रहे हैं।

अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन्होंने कभी रामभक्तों और कारसेवकों पर गोली चलवाई थी और ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाई थीं, वे आज सवाल उठा रहे हैं।उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि कोई भी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी न करें जिससे रामभक्तों की भावनाएं आहत हों। अगर किसी के पास कोई दस्तावेजी सबूत है तो उसे SIT को सौंप दिया जाए।सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम ने हमें मर्यादा और गरिमा का पाठ पढ़ाया है, और उसी मर्यादा के साथ आचरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या का यह स्वरूप मिला है, इसलिए धैर्य रखना जरूरी है।उन्होंने दोहराया कि बस 15 दिन और इंतजार कर लें, SIT जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।






