
बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करेले के ढेर से अचानक कोबरा निकल आया। करेला छांट रहे एक युवक को सांप ने पैर में डस लिया।

आनन-फानन में युवक को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कोबरा निकलने की खबर फैलते ही लोग सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। वहीं, दुकानदारों में भी दहशत का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू मंगलवार को सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। वे करेले के ढेर से करेला छांट रहे थे, तभी अचानक उसमें छिपा कोबरा फन फैलाकर बाहर निकला और उनके पैर में डस लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोबरा पास की झाड़ियों से निकलकर सब्जियों के बीच पहुंचा था और करेले के ढेर में छिप गया था। इसी दौरान बिहारी साहू के करेला छांटने पर सांप बाहर आया। घटना के दौरान लोगों ने कोबरा का वीडियो भी बना लिया। वीडियो में सांप करेले के ढेर के बीच फन फैलाए नजर आ रहा है। बारिश के मौसम में सांप और दूसरे जहरीले जीवों के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों से बाजार, खेत और झाड़ियों के आसपास सतर्क रहने की अपील की जा रही है।






