
कावेरी जल विवाद पर राज्यसभा में कांग्रेस सांसद प्रवीन चक्रवर्ती ने काम रोको प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने जल शक्ति मंत्रालय पर 27 जुलाई को सदन में भ्रामक जवाब देने का आरोप लगाया। साथ ही कावेरी जल नियमन समिति यानी CWRC के उस आदेश का मुद्दा उठाया, जिसमें कर्नाटक को तत्काल 4 टीएमसी फीट पानी छोड़ने का निर्देश दिया गया था। प्रवीन चक्रवर्ती ने इस मामले पर संसद में तत्काल चर्चा की मांग की है।

वहीं, लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दलबदल विरोधी कानून को लेकर काम रोको प्रस्ताव दिया है। उन्होंने सामूहिक दलबदल पर रोक लगाने के लिए नए कानून की मांग की। तिवारी का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को पार्टी व्हिप के दबाव के बिना अपने क्षेत्र की आवाज उठाने और वैचारिक असहमति जताने की आजादी मिलनी चाहिए। उधर, संसद के मानसून सत्र में आज राहुल गांधी के बोलने की संभावना है। लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 पर चर्चा जारी है। सरकार इस विधेयक के जरिए सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 में संशोधन करना चाहती है। अब इस मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस देखने को मिल सकती है।







