
बारिश के चलते मसूरी के डिमटा बैंड में देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। सड़क टूटने के कारण कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। इससे मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही प्रभावित हुई है और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। थानाध्यक्ष कैम्पटी योगेंद्र सिंह गुसाईं ने यात्रियों और वाहन चालकों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज और यमुना घाटी की ओर जाने से बचने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास न जाने की सलाह दी है।
वहीं, एनएच-707ए के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। विभाग की टीम मौके का निरीक्षण करेगी और पहाड़ की तरफ से कटिंग कर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात जल्द बहाल हो सके। फिलहाल यात्रियों से सावधानी बरतने और प्रशासन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की गई है।




