
नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है। पुतिन के भारत पहुंचने पर पीएम मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं।
राष्ट्रपति पुतिन शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। इसके बाद उनकी पीएम मोदी के साथ महत्वपूर्ण बातचीत शुरू हुई। माना जा रहा है कि बैठक में भारत-रूस के रणनीतिक संबंधों के साथ रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। सुखोई-57, S-400 की डिलीवरी, कच्चे तेल की आपूर्ति और स्थानीय मुद्राओं में कारोबार जैसे विषय भी बातचीत में शामिल हो सकते हैं। ब्रिक्स सम्मेलन के लिए कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंच रहे हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शनिवार को भारत पहुंचने की संभावना है, जबकि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी आज दिल्ली पहुंचेंगे। पीएम मोदी और पेजेश्कियान के बीच भी द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। इसके अलावा आतंकवाद, अंतरिक्ष सहयोग, ड्रग तस्करी पर रोक और इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।






