
नई दिल्ली : – गणेशोत्सव के मौके पर बॉलीवुड के सितारों के घर भी बप्पा की भक्ति देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में सलमान खान 15 सितंबर को अपने भाई सोहेल खान के घर पहुंचे, जहां पूरे परिवार के साथ गणपति पूजा में शामिल हुए। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरती करते वक्त सलमान खान से एक छोटी-सी चूक होती नजर आई। दरअसल, आरती की थाली हाथ में लेने के बाद सलमान उसे गलत दिशा में घुमाने लगे। तभी पास खड़ी उनकी बहन अर्पिता खान की नजर इस पर पड़ी। अर्पिता ने इशारे से सलमान को उनकी गलती का एहसास कराया, जिसके बाद भाईजान ने तुरंत दिशा बदल ली और सही तरीके से आरती करने लगे। भाई-बहन के बीच हुआ यह छोटा-सा पल कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।

वीडियो सामने आने के बाद जहां कई यूजर्स सलमान और अर्पिता की बॉन्डिंग की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस घटना को लेकर उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। हालांकि, खान परिवार में गणपति उत्सव मनाने की परंपरा काफी पुरानी बताई जाती है। सिर्फ सलमान ही नहीं, शाहरुख खान के घर भी गणेशोत्सव मनाया जाता है। हाल ही में एक फैन के सवाल के जवाब में शाहरुख ने बताया था कि गणपति पूजा और आरती की जिम्मेदारी उनकी पत्नी गौरी संभालती हैं, जबकि परिवार के बाकी सदस्य मिलकर इस मौके को सेलिब्रेट करते हैं। उनके घर गणपति बप्पा को एक दिन के लिए विराजमान किया जाता है।






