
रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर इलाके से एक मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर गलत हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के परिचित ने घर में पहुंचकर पहले उसे चिप्स दिए और फिर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। बच्ची ने किसी तरह आरोपी का विरोध किया और वहां से निकलकर खुद को बचाया। घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुलेमान कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंगलवार शाम बच्ची के घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने पहले बच्ची को खाने का सामान दिया और इसके बाद उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने लगा। बच्ची के विरोध करने पर वह किसी तरह वहां से भाग निकली।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम के साथ हुई इस घटना के बाद इलाके में भी नाराजगी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




