
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर कमजोर पड़ते ही अब गर्मी और उमस ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ा है और राजनांदगांव 35 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे मैदानी इलाकों में भी पारा 33 डिग्री के पार पहुंचने से दिन में गर्मी का असर साफ महसूस हुआ।

हालांकि मानसून पूरी तरह विदा नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 16 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। अगले दो दिनों तक कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि बाकी इलाकों में बादलों के बीच उमस और गर्मी परेशान कर सकती है।

बीते 24 घंटे में जगदलपुर में सबसे ज्यादा 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। घुमका में 40, कुटरू में 20 और दाढ़ी, बकावंड व धमधा में 10-10 मिलीमीटर बारिश हुई। इस मानसूनी सीजन में राज्य में अब तक सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। मानसून अब अंतिम चरण में है, ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और कमजोर पड़ने के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।




